मेरा नाम जटईल (उम्र- 70 वर्ष )है| मेरे पिता का नाम स्व. रघुनाथ है| मै जाति दुसाद (अनुसूचित जाति) का हूँ| मेरे पास 4 लड़के, 2 बेटी हैं| सभी बच्चे की शादी कर चुके हैं|मै मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता हूँ| मै ग्राम- बनौरा, पोस्ट- तरावा, थाना- पन्नूगंज, तहसील- राबर्ट्सगंज,जिला-सोनभद्र का निवासी हूँ |
घटना दिनांक 21-09-2024 8 बजे सुबह अचानक दबंग उमाशंकर S/O रघुनाथ, बब्बू S/O मुनीर आलम, ऐज़ाज़ S/O बिकानो खां, सुनील पाण्डेय S/O दीनानाथ पाण्डेय, निज़ाम S/O बिकानो, बबलू S/O मुनीर, नसीम S/O मुनीर, आजाद S/O बब्बू, दिलशाद आलम S/O नसीम, कुन्ति D/O उमाशंकर, रामचंद्र S/O मुन्नू, मुन्नू S/O स्व. सचौऊ, निवासी बनौरा | ये लोग गिरोह बना कर लाठी-डंडा, फरसा, गोइता, सब्बल, कुदाल, गड़ासा लेकर वो 15-20 लोग लेबर भी लेकर आये| मेरे धन की फसल कटवाने लगे| हम लोग घर पर थे| मैंने देखा कि मेरे खेत पर क्या हो रहा है| हम लोग दौड़ते हुए गये| हम लोग बोले कि ये धान क्यों कटवा रहे हैं| इतने में माँ-बहन की भद्दी-भद्दी गाली दे रहे थे और बोल रहे थे कि नीच जाति तुम लोगो का मन बढ़ गया है| इतना बोलते ही दबंग लोग लाठी-डंडा से मरने लगे|
मैं रो चिल्ला रहा था, लेकिन दबंग को थोड़ा भी रहम नही आया| मुझे और मेरे बच्चों को मारकर लहूलुहान कर दिया| मेरे पैर में सर और कमर में इतनी चोट थी कि मैं चल नही पा रहा था| उसके बाद मै बेहोश हो गया था| फिर किसी तरह मुझे होश में लाया गया| मेरे बेटे अशोक व राजेश और सोनू, बहु पुष्पा और सीमा व चंचला को भी बुरी तरह से मारे और तब तक मारते रहे जब तक वो जमीन पर गिर नही गये| बच्चे तक को नही छोड़े उन्हें भी मारे| मेरे दबंगों के आगे हाथ जोड़कर जान की भीख मांग रहे थे| लेकिन दबंग लोगों को थोड़ा भी रहम नही आया और हम लोगों का मोबाइल भी ले लिए| हम लोग तड़प रहे थे |
उसके बाद दबंग बबलू खान ने पुलिस को फोन करके 3 गाड़ी पुलिस बुला लिए | हम लोग दर्द के मारे उसी जगह तड़प रहे थे| पुलिस वाले उल्टा मुझे और मेरे परिवार को गाली दे रहे थे और न एम्बुलेंस बुलाये और न ही हम लोगों को दवा के लिए जाने दिए | मुझे व मेरे बेटे राजेश को घसीटते हुए गाड़ी में भर लिए और बेटे सोनू को भी गाड़ी में भर कर थाने ले जाने लगे| कुछ दूर ले जाने के बाद गाड़ी खड़ा कर दिए| उसके बाद पुलिस वाले गाली देकर बोले कि तुम्हे जेल भेजेंगे| उस समय मुझे बहुत दर्द हो रहा था और डर भी लग रहा था| उस समय मेरी हालत और बिगड़ती जा रही थी|उसके बाद हम लोगों को पन्नूगंज थाना ले गये| उसके बाद लॉकअप में बंद कर दिए| सुबह 9 बजे से चार बजे तक लॉकअप में रखे| उसी बीच दबंग लोग कुर्सी पर बैठ कर हंस रहे थे | और बोली भी बोल रहे थे कि तुम लोगों को मार कर गायब कर देंगे| हमारा कोई कुछ नही कर पाएगा | उसके बाद SO साहब भी हम लोगों को गाली दिए और मेरा एक बीघा फसल कटवा कर दबंग अपने घर ले गये|
4 बजे शाम को हम लोगों को लॉकअप में से निकाल कर 2 पुलिस वाले से 2-2 डंडा मरवाए और बोले कि अगर जमीन पर गये तो इस बार तुम्हारे परिवार को मर्डर के केस में फंसवा देंगे| उसके बाद गाड़ी में बैठाकर मेडिकल कराने चतरा सरकारी अस्पताल में ले गये| दबंग वहाँ पर भी पहले से थे| वह देख कर हँस रहे थे| डॉ.साहब ने बोला कि इन लोगों को दर्द का सुई लगा दो| हम लोगों को एक एक सुई लगा और 4 खुराक दवा दिए| फिर मेडिकल बना उसके बाद हम कचहरी गये| हम लोगों की जमानत वकील द्वारा रात को 8 बजे हुई| हम लोग सोनवार व तिवारीपुर जाकर दवा करवाए | उसके बाद हम लोग जोत-बो रहे थे| दबंग लोग गिरोह बना कर बार-बार धमकी दे रहे थे और साथ ही पुलिस भी धमकी दे रही थी कि उस जमीन पर मत जाना वरना इतना केस लादेंगे कि तुम्हारे बीबी बच्चे अनाथ हो जाएँगे| तुम लोग तड़प-तड़प कर मर जाओगे| तब भी हम लोगों का कुछ नही होगा और न ही तुम कुछ कर पाओगे | हम लोग जो चाहते हैं वो कर लेते हैं| उसके बाद 156(3) में कोर्ट से 24-09-2024 को राबर्ट्सगंज कचहरी में केस दाखिल किये |
दबंग लोग व SO पन्नोगंज के ऊपर FIR माननीय न्यायालय के आदेशानुसार थाना पन्नोगंज में मुकदमा संख्या न. 51/25 V/S-115(2) 351 (2), 329(4), BNS 83(1)GH, 3(2) (VA) 3(1) X SC/ST एक्ट में FIR दर्ज हुआ | उसके बाद दबंग लोग एक मनगढ़ंत झूठा केस 151 में मेरे और मेरे पिता व भाई सोनू और अशोक पर बार -बार थाना से केस करवाते थे और पुलिस से मिलकर बार-बार हम लोगों को बंद करवाते थे और हमारे डेढ़ बीघा जमीन पर जबरदस्ती 15-07-2025 से मकान बना रहे हैं |
मैंने CM हेल्पलाइन न. 112 जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक थाना- पन्नुगंज से गुहार लगाया| लेकिन कोई कार्यवाही अभी तक नही हुई| दबंग सौ लेबर लगाकर रातो-दिन काम करा रहे हैं| हम गरीबों की कोई सुनवाई नही हो रही है| हम गरीब दाने-दाने के लिए मोहताज हैं| हम चाहते हैं कि मामलें की जांच कराकर हम गरीब को न्याय मिले और SO और दबंगों पर कार्यवाही हो| मुझे अपनी बात कहकर अच्छा महसूस हो रहा है |
पीड़ित जटईल
No comments:
Post a Comment